मारा-पीटा, बाल खींचा, दीवार में लड़ाया सिर: हनी सिंह के ख़िलाफ़ पत्नी शालिनी तलवार ने करवाया घरेलू हिंसा का केस दर्ज

मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह (हृदेश सिंह) के ख़िलाफ़ उनकी पत्नी शालिनी तलवार ने घरेलू हिंसा का मुकदमा दायर करवाया है। शालिनी ने ‘द प्रोटेक्शन ऑफ वुमन फ्रॉम डोमेस्टिक वायलेंस एक्ट’ के तहत तीस हजारी कोर्ट में याचिका दी। इसके बाद कोर्ट ने हनी सिंह के ख़िलाफ़ एक नोटिस जारी किया। नोटिस में सिंगर को 28 अगस्त से पहले जवाब देने को कहा गया है।

जानकारी के मुताबिक, शालिनी की याचिका पर मजिस्ट्रेट तानिया सिंह ने सुनवाई की। उनके समक्ष शालिनी की ओर से वकील संदीप कपूर, अपूर्वा पांडे और जीजी कश्यप ने यह याचिका रखी थी। इसी के बाद तलवार के पक्ष में निर्देश पास किए गए। कोर्ट ने उनका स्त्रीधन उन्हें वापस देने और जो प्रॉपर्टी उनके और हनी सिंह के नाम पर है उसे भी बेचने पर रोक लगाई।

कहा जा रहा है कि शालिनी ने अपनी याचिका में हनी सिंह समेत उनके परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इसमें हनी सिंह के माता पिता और उनकी बहन का भी नाम शामिल है। शालिनी ने कोर्ट में कई घटनाओं का जिक्र किया है जब उनके साथ ज्यादती हुई। उन्होंने बताया कि कैसे उन्हें मारा पीटा जाता रहा, उनके बाल खींचे गए, दीवार में सिर मारा गया। उन्होंने ये भी बताया कि उन्हें हनी सिंह से शादी के बाद कभी घर में आने वाला कोई पैसा नहीं मिला। सब कुछ सिंगर के माता पिता पर जाता था।

उल्लेखनीय है कि हनी सिंह की शादी शालिनी तलवार से 20 साल की दोस्ती के बाद साल 2011 में हुई थी। दोनों ने सिख रीति रिवाजों से शादी की थी। मगर, अब शालिनी का आरोप है कि उन्हें मारा पीटा जा रहा है और साथ में उनका मानसिक तौर पर शोषण भी हो रहा है। बता दें कि इस मामले में अभी तक हनी सिंह की ओर से कोई स्टेटमेंट नहीं आया है।