9 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या: भागने की कोशिश कर रहा था 65 साल का सयाद अली, असम पुलिस ने मारी गोली

नौ साल की बच्ची के साथ सामूहिक बलात्कार और हत्या के मुख्य आरोपी सयाद अली ने असम पुलिस की कस्टडी से भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से वह जख्मी हो गया। घटना शुक्रवार (2 जुलाई 2021) की है। 65 साल के अली को जाँच के लिए पुलिस घटनास्थल पर लेकर जा रही थी। इसी दौरान उसने भागने की कोशिश की।

मोरीगाँव-भूरागाँव पीडब्ल्यूडी रोड के गसरगुड़ी प्वाइंट पर पुलिस अली को एक गाड़ी से दूसरे में बैठा रही थी। इसी दौरान उसने पेशाब करने का बहाना बनाकर भागने का प्रयास किया। मोरीगाँव की पुलिस अधीक्षक अपर्णा नटराजन ने बताया, “आरोपित ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस ने दो राउंड फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया।”

सयाद अली ने पुलिस से पेशाब करने की बात कही और इसके बाद भागने की कोशिश करने लगा। उसे भागने की कोशिश करता देख पुलिसवालों ने रुकने के लिए कहा और फिर मजबूर होकर उन्हें गोली चलानी पड़ी। गोली आरोपित के घुटने में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

विशेष पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने ‘द शिलांग टाइम्स’ से बात करते हुए बताया कि जब क्राइम सीन को रीक्रिएट करने के लिए उसे ले जाया जा रहा था तो उसने पेशाब करने का बहाना बनाकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद मोरीगाँव पुलिस को उसे भागने से रोकने के लिए फायरिंग करनी पड़ी।

आरोपित को इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसे 27 जून को नौ वर्षीया लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार और हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। लड़की का शव 20 जून को ब्रह्मपुत्र नदी के पास एक जूट के खेत से बरामद किया गया था। बालीडुंगा गाँव के निवासियों का दावा है कि आरोपित पहले भी कई अपराधों में शामिल रहा है।