भारतीय वायुसेना की बढ़ेगी ताकत, तीन राफेल विमानों ने फ्रांस से भारत के लिए भरी उड़ान

नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना की ताकत और बढ़ने वाली है, क्योंकि फ्रांस से तीन और राफेल लड़ाकू  विमान भारत के लिए नॉन-स्टॉप उड़ान पर निकल चुके हैं। फ्रांस से भारत आते वक्त इन विमानों को संयुक्त अरब अमीरात में हवा में ईंधन उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में फ्रांस स्थित भारतीय दूतावास के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने जानकारी दी। तीन नए राफेल लड़ाकू विमान गुरुवार गुजरात के जामनगर में सुबह 11 बजे लैंड करेंगे। राफेल विमानों का ये बैच फ्रांस से खरीदे गए राफेल विमानों की डिलिवरी का तीसरा सेट है। भारतीय वायुसेना ने 36 राफेल विमान फ्रांस से 59 हजार करोड़ में सितंबर 2016 में खरीदे। तीन नए विमानों के आने के बाद भारत के पास 11 राफेल विमान हो जाएंगे।

3 राफेल विमानों का दूसरा सेट नवंबर की शुरुआत में गुजरात के जामनगर में पहुंचे थे, उसके बाद वे अंबाला अपने होम बेस पहुंचे थे। पांच राफेल विमानों का पहला सेट 29 जुलाई को अंबाला एयर बेस पहुंचा था। इन पांच विमानों को बाद में औपचारिक तौर पर भारतीय वायुसेना में शामिल किया गया था, कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए थे। रक्षामंत्री के साथ फ्रांस की रक्षामंत्री फ्लोरेंस, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत और एयर फोर्स चीफ आरकेएस भदौरिया भी शामिल हुए थे।