BCCI Annual Contracts: रिषभ पंत को बड़ा तोहफा, धवन-भुवी को लगा झटका

रिषभ पंत विश्व कप (ICC World Cup 2019) टीम में होंगे या नहीं ये अभी साफ नहीं है, लेकिन उन्हें साल 2018 में शानदार प्रदर्शन का ईनाम मिला है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट सीरीज के दौरान शतक लगाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले इस युवा विकेटकीपर को BCCI ने शानदार तोहफा दिया है।

BCCI ने नए सालाना कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है और पंत को A ग्रेड में शामिल किया गया है। इसके तहत उन्हें 2018-19 सीजन के लिए 5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इस बार तीन खिलाड़ियों को A+ ग्रेड में जगह मिली है।

भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा और तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को A+ ग्रेड में रखा गया है। इन तीनों को सालाना 7-7 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। ग्रेड A में इस बार 11 खिलाड़ियों को जगह दी गई है। ग्रेड B में चार खिलाड़ियों को जगह दी गई है। ग्रेड B में खिलाड़ियों को सालाना 3 करोड़ रुपये दिए जाते हैं। इसके अलावा ग्रेड C में सात खिलाड़ियों को जगह दी गई है। ग्रेड C में खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपये मिलते हैं।

धवन और भुवी को झटका
फॉर्म से जूझ रहे शिखर धवन और भुवनेश्वर कुमार को बड़ा झटका लगा है। उन्हें टॉप ग्रेड से बाहर कर दिया गया है। दोनों खिलाड़ी A+ ग्रेड से ग्रेड A में आ गए हैं। इनके अलावा इस ग्रेड में आर अश्विन, रविंद्र जडेजा, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, एमएस धोनी, मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा, कुलदीप यादव, रिषभ पंत शामिल हैं।

B ग्रेड में 4 खिलाड़ी
B ग्रेड में 4 खिलाड़ी शामिल हैं। ओपनर केएल राहुल, उमेश यादव, युजवेंद्र चहल और हार्दिक पंड्या को इस ग्रेड में रखा गया है। इस ग्रेड के खिलाड़ियों को सालाना 3 करोड़ रुपये मिलते हैं। C ग्रेड में 7 खिलाड़ियों को रखा गया है। इसमें केदार जाधव, दिनेश कार्तिक, अंबाती रायुडू, मनीष पांडे, हनुमा विहारी, खलील अहमद और ऋद्धिमान साहा शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों को 1 करोड़ रुपये सालाना मिलेंगे।

मिताली सहित चार खिलाड़ी ग्रेड A में
महिलाओं के केंद्रीय अनुबंध में A ग्रेड (50 लाख रुपये) में चार खिलाड़ियों मिताली राज, हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना और पूनम यादव को रखा गया है। ग्रेड B (30 लाख रुपये) में पांच खिलाड़ियों एकता बिष्ट, झूलन गोस्वामी, शिखा पांडे, दीप्ति शर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स को रखा गया है।

C ग्रेड (10 लाख) में राधा यादव, डी. हेमलता, अनुजा पाटिल, वेदा कृष्णामूर्ति, मानसी जोशी, पूनम राउत, मोना मेशराम, अरुंधती रेड्डी, राजेश्वरी गायकवाड़, तान्या भाटिया और पूनम वस्त्राकर को शामिल किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *