घोसी से सपा आगे, भाजपा जीत गई तीन सीटें; 6 राज्यों के उपचुनाव में किसका क्या हाल

घोसी से सपा आगे, भाजपा जीत गई तीन सीटें; 6 राज्यों के उपचुनाव में किसका क्या हालनई दिल्ली/लखनऊ। देश में INDIA और एनडीए गठबंधन के शक्ति प्रदर्शन के बीच 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के जो नतीजे आए हैं, वह सभी के लिए कहीं खुशी तो कहीं गम वाले हैं। भाजपा ने कुल 7 सीटों में से 3 पर जीत हासिल कर ली है, लेकिन यूपी के घोसी से वह सपा के मुकाबले बड़े अंतर से पीछे चल रही है। अब तक के रुझानों में घोसी से सपा के सुधाकर सिंह 25 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं भाजपा में शामिल होकर फिर उतरे दारा सिंह चौहान दूसरे नंबर पर हैं। इसके अलावा टीएमसी, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा को भी एक-एक सीट मिल गई है।

घोसी सीट पर सपा का परचम बढ़ाएगा अखिलेश का हौसला

उत्तर प्रदेश में पिछड़ों की राजनीति का केंद्र बनी घोसी सीट पर अखिलेश यादव को सफलता मिलती दिख रही है। सपा कैंडिडेट सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान के मुकाबले 19वें राउंड तक बढ़त बना रखी है। फिलहाल जितना अंतर है, उसे देखते हुए सपा की जीत तय मानी जा रही है। दरअसल 2022 विधानसभा चुनाव से पहले पिछड़ों की उपेक्षा के नाम पर दारा सिंह चौहान सपा में चले गए थे। लेकिन पिछले दिनों फिर से भाजपा में ही लौट आए। ऐसे में घोसी पिछड़ा वर्ग की राजनीति का केंद्र बन गई थी। इस जीत से सपा के हौसले जरूर कुछ बढ़ सकते हैं, जो लगातार 4 चुनावों की हार के बाद से निराश थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *