सपा में शामिल होने की तैयारी में भाजपा विधायक पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी मिश्रा

बरेली। उत्तर प्रदेश में भाजपा विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल को बेहद चर्चा में लाने वाली उनकी बेटी फिर सुर्खियां बटोर रही है। साक्षी मिश्रा अब समाजवादी पार्टी में शामिल होने की तैयारी में हैं। उन्होंने इसके लिए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को पत्र भेजकर मिलने के लिए समय मांगा है।

बरेली के बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी मिश्रा ने साल भर पहले घर से सभी लोगों के विरोध के बाद भी घर से भागकर अपने प्रेमी अजितेश से शादी की थी। एक बच्चे की मां बन चुकी साक्षी मिश्रा ने अब राजनीति में आने के संकेत दिए हैं। अभी इसी महीने की नौ तारीख को साक्षी ने एक बेटे को जन्म दिया है।

साक्षी मिश्रा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलने का समय मांगा है। साक्षी मिश्रा ने बताया कि वह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विकास से काफी प्रभावित हैं। इसी कारण वह समाजवादी पार्टी में शामिल होना चाहती हैं।

9 अगस्त को साक्षी बनी थी मां

साक्षी बीते नौ अगस्त को मां बनी है। उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई है। साक्षी अपने पति अजितेश सहित ससुराल में खुश है। यह बात मीडिया के जरिए पहले भी सामने आ चुकी है। इसके साथ ही वह अपने परिवार के सदस्यों को भी काफी याद करती है। साक्षी तीन जुलाई को अपने घर से अचानक चली गई थी। जिसके बाद उन्होंने दस जुलाई को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी शादी की जानकारी दी थी। इसके साथ ही अपने पिता से अपनी और अपने पति की जान को खतरा बताया था। जिसके बाद उनके और भी वीडियो वायरल हुए थे। यह मामला काफी दिनों तक सुर्खियों में रहा था।