‘मंदिर जाने से पहले मांस खाया, हिंदुओं का अपमान किया’, सिद्धारमैया पर भाजपा का बड़ा आरोप

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया पर एक ‘बार फिर से हिंदुओं की आस्था का अपमान’ करने का आरोप लगाया है। भाजपा कर्नाटक के प्रमुख नलिन कुमार कटील ने आरोप लगाते हुए कहा कि सिद्धारमैया ने एक बार फिर हिंदुओं की आस्था का अपमान किया है क्योंकि वे मांस खाने के बाद मंदिर गए थे। दरअसल इससे पहले सिद्धारमैया ने पूछा था कि “अगर मैं लंच में मांस खाऊं और शाम को मंदिर जाऊं तो इसमें गलत क्या है?”

भाजपा द्वारा आरोप लगाने के बाद सिद्धारमैया ने सवाल किया, “मैंने दोपहर 2:30 बजे सुदर्शन गेस्ट हाउस में खाना खाया और देर शाम, मैंने एक मंदिर में जाकर पूजा की। क्या किसी मंदिर में जाने से पहले भगवान ने कोई विशिष्ट भोजन निर्धारित किया है? लोग रात में मांस खाते हैं और अगली सुबह मंदिरों में जाते हैं। मुझे दोपहर में मांस क्यों नहीं खाना चाहिए और शाम को मंदिर क्यों नहीं जाना चाहिए?” भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे लोग (बीजेपी वाले) हर उस जगह जहर इंजेक्ट करते हैं, जहां लोग अच्छे से रह रहे हैं। यह उनका काम है।