पंजाब में कांग्रेस को एक और झटका, अब रजिया सुल्ताना ने दिया चन्नी कैबिनेट से इस्तीफा

चंडीगढ़। पंजाब में कांग्रेस को एक और झटका लगा है। पहले नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस कमेटी से इस्तीफा दे दिया। अब खब आ रही है कि पंजाब कैबिनेट में दो दिन पहले शामिल हुईं रजिया सुल्ताना ने भी इस्तीफा दिया दे दिया है। कांग्रेस के लिए आज का दिन पंजाब के लिहाज से काफी खराब रहा है। वहीं पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी की आंतरिक कलह फिर से सामने आने लगी है। राज्य में कांग्रेस के लिए मुसीबत कम होने के बजाय बढ़ती ही जा रही है। जिस नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त करके कांग्रेस पार्टी ने राज्य में अपने ताकतवर नेता अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाया था उन्होंने हीं अब पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का पद छोड़ दिया है। सिद्धू को कांग्रेस पार्टी ने करीब 2 महीने पहले यानि जुलाई में ही पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था। सिद्धू ने सोनिया गांधी को लिखे अपने त्यागपत्र में लिखा है कि वे अपने चरित्र के साथ समझौता नहीं कर सकते और समझौता करने से व्यक्ति की प्रतिष्ठा खत्म हो जाती है। सिद्धू ने आगे लिखा कि वे भविष्य तथा पंजाब के हित के लिए बने एजेंडा के साथ समझौता नहीं कर सकते, इसलिए मैं पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे रहा हूं, लेकिन कांग्रेस की निरंतर सेवा करता रहूंगा।