राजू श्रीवास्तव ने शुरू किया अंतर्राष्ट्रीय कायस्थ संघ का सदस्यता अभियान

लखनऊ। शनिवार को कायस्थ संघ अन्तर्राष्ट्रीय के सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया गया। कायस्थ समाज को एक बैनर तले लाने की योजना कायस्थ संघ अन्तर्राष्ट्रीय निभा रहा है। कायस्था समाज एकजुट नहीं है वह अलग-अलग गुटों, अलग-अलग धड़ों में बंटा है। इसीलिए उसकी शक्ति का क्षरण हो रहा है और उसे किसी तरह का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सदस्यता अभियान का शुभारम्भ प्रख्यात हास्य कलाकार और उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष राजू श्रीवास्तव ने एक कार्यक्रम के दौरान किया।
इस मौके पर राजू श्रीवास्तव ने कायस्थों से अपील की कि आज समय की मांग है कि हम एकजुट हों। हम बिखरे हुए हैं अभी भी वक्त है कि सारे निजी कारणों को भूलकर एक जगह एकत्र हों तभी सरकारों को हमारी ताकत का एहसास होगा। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज में जो लोग उच्च पदों पर पहुंच जाते हैं वह अपने समाज से कट जाते हैं। कुर्सी पाते ही समाज से कटना नहीं चाहिए बल्कि समाज से जुड़ना चाहिए। उन्हें ईश्वर ने ऐसी ताकत दी है कि वह अपने लोगों का भला कर सकते हैं। लेकिन कुछ लोग उनका भला करने के बजाय अपने लोगों के साथ ही टालू नीति अपनाने लगते हैं। यह धारणा गलत है। उन्होंने कहा कि कायस्थ संघ अन्तर्राष्ट्रीय सदस्यता अभियान चला रहा है। सारे कायस्थों से अपील है कि वह इस बैनर तले एकजुट हों और समाज को मजबूत करें।
जबकि न्यास के अध्यक्ष दिनेश खरे ने सदस्यता अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि देश ही नहीं विदेशों में संस्था के प्रतिनिधि सदस्य बनाने का कार्य कर रहे हैं। सदस्यता अभियान शनिवार से एक माह की अवधि तक यानि 14 अगस्त 2०21 तक चलाया जाएगा । उन्होंने हर्ष जाहिर करते हुए कहा कि सदस्यता अभियानन शुरू होने के अंदर ही दो घंटे में देश- विदेश के हज़ारों चित्रांश बंधुओं ने सदस्यता ग्रहण कर कायस्थ एकता का परिचय दिया है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि जल्द ही लाखों सदस्य इस बैनर तले जुड़ेंगे। उन्होंने संस्था के सभी पदाधिकारियों से अपील की कि वह प्रतिदिन सारे कार्यों को छोड़कर इस अभियान से जुड़ें । यह फार्म आनलाइन भी उपलब्ध है। हर पदाधिकारी कम से कम दस हजार लोगों तक पहुंचने की कोशिश जरूर करे।
इस मौके में संस्था के अन्य पदाधिकारी संजय अस्थाना उपाध्यक्ष, प्रमिला श्रीवास्तव राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ, विभा श्रीवास्तव प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ, प्रदेश मीडिया प्रभारी राजेश श्रीवास्तव, अर्पिता श्रीवास्तव सचिव महिला प्रकोष्ठ सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य सम्मिलित हुए।