पेड़ से लटके मिले BJP के गायब कार्यकर्ता, एक के घर बमबारी: ममता ने 29 IPS बदले, बंगाल हिंसा पर केंद्र को रिपोर्ट नहीं

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) की सरकार ने शपथ लेते ही पुलिस अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग अपने ढंग से शुरू कर दी है। ऊपर से भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हो रही हिंसा अब भी रुकने का नाम नहीं ले रही। ममता बनर्जी ने बतौर मुख्यमंत्री शपथ लेने के कुछ घंटों के भीतर ही पुलिसिया सिस्टम में बड़ा फेरबदल किया। उन्होंने 29 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का ट्रांसफर किया, जिन्हें चुनाव आयोग (ECI) ने शिफ्ट किया था।

अप्रैल 10, 2021 को सीतलकूची विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत CISF पर हमले के बाद हुई फायरिंग में 4 लोगों की मौत हो गई थी। ममता बनर्जी ने कूच बिहार जिले के SP देबाशीष धार को निलंबित कर दिया है। ये इलाका इसी जिले में पड़ता है। वो इस मामले में पहले ही CBI जाँच का आदेश दे चुकी हैं। उनकी जगह के कन्नन को भेजा गया है, जिन्हें चुनाव के दौरान OCW (ऑफिसर ऑन कम्पलसरी वेटिंग) में भेज दिया गया था।

DG वीरेंद्र का चुनाव आयोग ने ट्रांसफर किया था। उन्हें अब पहले वाला पद दे दिया गया है। साथ ही DG (सिक्योरिटी) विवेक सहाय को भी उनके पुराने पद पर भेज दिया गया है। पूर्वी मेदिनीपुर की एक रैली में ममता बनर्जी के चोटिल होने के बाद उन्हें ECI ने हटा दिया था। ममता बनर्जी ने कहा कि पिछले 3 महीनों से प्रशासन उनकी जगह ECI के नियंत्रण में था, इसीलिए कुछ गड़बड़ियों को ठीक करना ज़रूरी था।

ममता बनर्जी सरकार ने 16 जिलों के SP को इधर-उधर किया है। इनमें से अधिकतर ऐसे हैं, जिन पर चुनाव आयोग ने भरोसा नहीं जताया था। डायमंड हार्बर में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पर हमले के बाद ECI ने भोलानाथ पांडेय का ट्रांसफर किया था। उन्हें अब अलीपुरदौर का SP बनाया गया है। सौम्य रॉय की पत्नी चुनाव लड़ रही थी, इसीलिए उनका ट्रांसफर हुआ था। अब उन्हें हावड़ा (ग्रामीण) का SP बनाया गया है।

वहीं मंगलवार (मई 4, 2021) की रात हुई हिंसा में भी 3 लोग मारे गए, जिनमें से एक भाजपा कार्यकर्ता था। बाँकुड़ा में भाजपा कार्यकर्ता अरूप रुईदास के गायब होने की बात सामने आई थी। बुधवार की सुबह पूर्वी बर्दवान के खंडोघोष में उनकी लाश मिली। उनकी गर्दन से रस्सी बँधी हुई थी। उनकी लाश एक पेड़ से लटकी हुई मिली। उनकी हत्या का आरोप TMC के गुंडों पर लगाया गया है।

वे इन्दस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के बूथ एजेंट थे। भाटपारा के काँकीनारा में एक बीजेपी कार्यकर्ता के घर पर बम फेंके गए। राज विश्वास ने बताया कि उन्होंने CCTV फुटेज में 3 लोगों को अपने घर पर बम फेंकते देखा। उन्होंने बताया कि उनका परिवार डरा हुआ है। पुलिस वीडियो फुटेज ले गई है। वहीं TMC ने अलीपुरदौर और कूच बिहार में अपने 2 कार्यकर्ताओं की हत्या का आरोप भाजपा पर मढ़ा है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल सरकार से वहाँ हो रही राजनीतिक हिंसा को लेकर रिपोर्ट माँगी थी। इसकी कोई सुनवाई नहीं होने के बाद HMO ने इसे गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार को एक और रिमाइंडर भेजा है। केंद्र ने कहा कि अगर रिपोर्ट नहीं भेजी जाती है तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा। साथ ही बिना समय गँवाए उपयुक्त कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। ममता बनर्जी का कहना है कि जिन क्षेत्रों में भाजपा की जीत हुई है, वहीं हिंसा हो रही है।