देश में 61 हजार से अधिक पुलिसबल के जवान हैं कोरोना पाजिटिव, CRPF सबसे अधिक प्रभावित

नई दिल्‍ली। सात माह से भारत समेत पूरी दुनिया कोविड-19 महामारी से जूझ रही है। पूरी दुनिया इससे संक्रमितों की संख्‍या 2.41लाख से अधिक हो चुकी है। वहीं इसकी वजह से अब तक पूरी दुनिया में 824,514 मरीजों की जान भी जा चुकी है। इससे रिकवर हो चुके मरीजों की यदि बात करें तो ये संख्‍या 15,785,617 है। भारत के संदर्भ में यदि बात करें तो यहां पर इससे संक्रमित मरीजों की संख्‍या 3,234,474 तक हो चुकी है जबक 59,449 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। इसके अलावा 2,467,758 मरीज ठीक भी हुए हैं।

आपको बता दें कि कोविड-19 से काफी संख्‍या में कोरोना योद्धा भी चपेट में आए हैं। इनमें देश में आम लोगों की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों से लेकर देश की सीमा पर डटे जवान भी शामिल हैं। हाल ही में जारी हुए इंडियन पुलिस फाउंडेशन के आंकड़े इस संबंध में काफी चौंकाने वाले हैं। इसके मुताबिक देश में कुल पुलिस फोर्स की तादात की बात करें तो ये करीब 3035632 है। इनमें से करीब 61935 सुरक्षाबलों के जवान कोविड-19 से संक्रमित हैं। 25013 जवानों को क्‍वारंटीन किया गया है जबकि 373 की मौत भी हो चुकी है। आंकड़ों के मुताबिक महाराष्‍ट्र में सबसे अधिक पुलिसकर्मी कोरोना पाजिटिव हैं। वहीं अर्द्धसैनिक बलों की बात करें तो सीआरपीएफ के जवान इसकी चपेट में सबसे अधिक आए हैं। इसके अलावा आठ राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोई भी जवान इससे संक्रमित नहीं हुआ है।

यहां सबसे अधिक प्रभावित हुए पुलिसकर्मी

आंकड़ों के मुताबिक महाराष्‍ट्र में सबसे अधिक पुलिसकर्मी कोविड-19 से संक्रमित हुए हैं। यहं पर इनकी संख्‍या 14067 है। यहां 8 हजार जवानों को क्‍वारंटीन किया गया है जबकि 142 की अब तक मौत भी हो चुकी है। दूसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल में कुल जवानों की तादाद 96187 है जबकि यहां पर 4500 कोविड-19 से संक्रमित हैं। यहां पर 20 जवानों की मौत भी अब तक हो चुकी है। इसके बाद झारखंड का नंबर है जहां पर 3640 पुलिसकर्मी इससे संक्रमित हुए हैं। यहां पर सात जवानों की जान अब तक जा चुकी है। चौथे नंबर पर आंध्र प्रदेश है जहां पर कोविड-19 से संक्रमित पुलिसकर्मियों की संख्‍या 3600 है और 18 जवानों की मौत भी हो चुकी है। पांचवें नंबर पर असम है जहां पर जवानों की कुल तादाद 64998 है और 3455 जवान इस जानलेवा वायरस से संक्रमित हैं। यहां पर 1127 जवानों को क्‍वारंटीन किया गया है जबकि 13 की अब तक मौत भी हो चुकी है।

इस लिस्‍ट में छठे नंबर पर तमिलनाडु है जहां पर 3000 जवान इससे संक्रमित हो चुके हैं और 4 जवानों की मौत अब तक हो चुकी है। सातवें नंबर पर देश की राजधानी दिल्‍ली है जहां पर 2600 पुलिसकर्मी अब तक संक्रमित हो चुके हैं। यहां पर 291 जवान क्‍वारंटीन किए गए हैं जबकि 19 जवानों की मौत हो चुकी है। आठवें नंबर पर उत्‍तर प्रदेश है जहां पर जवानों की तादाद 294495 है और 1604 जवान इससे संक्रमित हैं और 4 जवानों की मौत भी हो चुकी है। 9वें नंबर पर कर्नाटक है जहां पर जवानों की कुल तादाद 89009 है जबकि यहां पर 1026 कोविड-19 पाजिटिव है। 10वें नंबर पर पंजाब है जहां 831 जवान इससे संक्रमित हैं और 2 की मौत भी हो चुकी है।

एक नजर इधर भी

  • सीआरपीएफ के कुल जवानों की संख्‍या देश में 301830 है। इसके अब तक 6941 जवान संक्रमित हो चुके हैं और 34 की मौत भी हो चुकी है। इकसे 220 जवानों को क्‍वारंटीन किया गया है।
  • बीएसएफ के कुल जवानों की तादाद 242440 है। इसके अधिकतर जवान सीमा पर मौजूद होते हैं लेकिन विभिन्‍न परिस्थितियों में इनको कहीं भी लगाया जाता है। पश्चिम बंगाल में बांग्‍लादेश से लगती सीमा पर ये फर्स्‍ट लाइन ऑफ डिफेंस हैं। इसके अब तक 4030 जवान संक्रमित हो चुके हैं 7981 को क्‍वारंटीन किया गया है, जबकि 14 जवानों की अब तक मौत हो चुकी है।
  • सीआईएसएफ के कुल जवानों की तदाद 143216 है जबकि इसके 4129 जवान इस वायरस से पॉजिटिव पाए गए हैं और 142 को क्‍वारंटीन किया गया है। वहीं 19 की मौत अब तक हो चुकी है।
  • आईटीबीपी के जवानों की कुल तादाद 82861 है और इसके 2457 जवान अब तक संक्रमित हो चुके हैं। 90 जवानों को क्‍वारंटीन किया गया है और 3 की अब तक मौत हो चुकी है।
  • एसएसबी से जुड़े 81119 जवानों में से 1362 अब तक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसके चार जवानों की अब तक इसकी वजह से मौत भी हो चुकी है।
  • एनडीआरएफ से जुड़े जवानों में 427 जवान अब तक इससे संक्रमित पाए गए हैं। इस बल के जवान आपात स्थिति जैसे बाढ, आग, भूकंप से प्रभावित इलाकों आदि में आम लोगों की मदद के लिए आगे आते हैं।
  • एनएसजी जो देश के वीआईपी वर्ग को सुरक्षा प्रदान करता है में कुल जवानों की तादाद 10358 है। इसके अब तक 93 जवान कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
  • आरपीएफ की बात करें तो इसके कुल जवानों की संख्‍या 64945 है और इसके 70 जवान इससे संक्रमित हैं और एक की मौत हो चुकी है।
  • असम राइफल्‍स 72 जवान संक्रमित हैं जबकि 1 की मौत भी हो चुकी है।

बचे हुए हैं ये राज्‍य

मिजोरम, सिक्किम, दादरा नगर हवेली और दमन और दीव, चंडीगढ़, लद्दाख और लक्षद्वीप में कोई भी सुरक्षाकर्मी अब तक इसकी चपेट में नहीं आया है जो कि अच्‍छी बात है। देश के 13 राज्‍य ऐसे हैं जहां पर 100 से कम सुरक्षाकर्मी इसकी चपेट में अएहैं। इनमें वो राज्‍य शामिल नहीं हैं जहां पर कोई सुरक्षाकर्मी इससे पॉजिटिव नहीं पाया गया है।