लॉकडाउन के दौरान बदायूं पुलिस की क्रूरता पर एसएसपी ने मांगी माफी, कहा- होगी जांच

बदायूं । कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोकने के लिए पूरे देश में 21 दिन का लॉकडाउन जारी है। इस बीच अन्य जगहों से अपने घर की तरफ लौट रहे लोगों के साथ पुलिस की बर्बरता की खबरें भी आ रही हैं। इसी तरह का एक मामला सामने आया है उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से। दरअसल, बुधवार को लॉकडाउन के बीच कुछ लोग अपनी घरों की तरफ लौट रहे थे। लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने इन्हें पकड़ लिया।

इसके बाद सजा के तौर पर पुलिस ने इन लोगों को बैग के साथ ही बैठकर चलने को मजबूर कर दिया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामला एसएसपी तक पहुंचा। बदायूं एसएसपी ने इस पूरे घटनाक्रम पर माफी मांगी और जांच की बात कही।

बदायूं एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने कहा कि जिले की पुलिस का मुखिया होने के नाते मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। इस घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

इस तरह के और भी वीडियो सामने आए हैं। पंजाब पुलिस ने भी लॉकडाउन और कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की थी। ऐसा नहीं है कि सिर्फ पुलिस की बर्बरता का ही नजारा देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर पुलिस मानवीय व्यवहार भी कर रही है और लॉतडाउन के समय जरूरतमंदों की मदद भी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *